न्याय नहीं मिलने पर दी आत्मदाह की चेतावनी

बेगूसराय : यूं तो जिले के सभी प्रखंडों में सेविका बहाली में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है, लेकिन, बेगूसराय (ग्रामीण) क्षेत्र में धांधली की सभी सीमाएं तोड़ी जा रही है. इसका एक जीता जागता उदाहरण कैथ पंचायत के वार्ड 04 में देखने को मिला है. जहां मेधा सूची को सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए नियम […]

बेगूसराय : यूं तो जिले के सभी प्रखंडों में सेविका बहाली में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है, लेकिन, बेगूसराय (ग्रामीण) क्षेत्र में धांधली की सभी सीमाएं तोड़ी जा रही है. इसका एक जीता जागता उदाहरण कैथ पंचायत के वार्ड 04 में देखने को मिला है.

जहां मेधा सूची को सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए नियम के विरुद्ध सेविका चयन करने की घोषणा की है. यह दीगर बात है कि चयनित अभ्यर्थी को अभी तक चयन पत्र नहीं दिया गया है. विश्वस्त सूत्रों की माने तो इस सोच के साथ आमसभा में चयन पत्र नहीं दिया जाता है कि विपक्षी अपील में चले जायेंगे. इसलिए साजिश के तहत अपीलीय प्राधिकार में जाने के लिए समय अवधि बीतने के बाद चयन पत्र दिया जाता है.
क्या है पूरा मामला : कैथ पंचायत के वार्ड नंबर 04 में सेविका की बहाली होनी थी. मैपिंग सूची के आधार पर यह सीट अतिपिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है. ऑनलाइन फॉर्म करने में 17 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया. मेधा सूची में एक व दो क्रमांक की अभ्यर्थी दूसरे पोषक क्षेत्र व वार्ड पांच की रहने वाली थी. इसलिए वे दोनों खुद छट गयी. तीसरे नंबर पर भुवन साह की पत्नी रूबी कुमारी है.
जो सभी अहर्ताएं पूरी करती है, लेकिन एलएस ने मेधा सूची के क्रमांक 14 की अभ्यर्थी विकास कुमार की पत्नी सरस्वती कुमारी का चयन करने की घोषणा कर दी. घोषणा होते ही इसके विरोध में उपस्थित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने जब पूछा कि आरक्षण रोस्टर व मेधा सूची के आधार पर चयन करना है, तो तीसरे क्रमांक वाली अभ्यर्थी का चयन क्यों नहीं किया गया, इस पर लेडी सुपरवाइजर ने चुप्पी साध ली. लोगों के उग्र तेवर देख एलएस चलते बनीं.
न्याय नहीं मिला तो आत्मदाह की चेतावनी
मेधा सूची की धज्जियां उड़ाकर सेविका चयन करने का आरोप लगाते हुए क्रमांक नंबर 03 की अभ्यर्थी रूबी कुमारी ने डीएम, डीपीओ, बीडीओ व सीडीपीओ को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. उन्होंने चेतावनी देते कहा कि अगर मुझे न्याय नहीं मिला, तो वे सपरिवार आत्मदाह करेंगी. इसकी जिम्मेदारी ग्रामीण की सीडीपीओ व एलएस होंगी.
क्या कहती है डीपीओ
लिखित शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच करायी जायेगी. जो होगा, नियम के अनुरूप ही होगा. गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए लिखा जायेगा.
रचना सिन्हा, डीपीओ आइसीडीएस, बेगूसराय

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >