बरौली : बरौली प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र की 50 वर्षों से अतिक्रमित जमीन को पांच मिनट में प्रशासन ने खाली करा दिया. पांच मिनट पहले जहां दवा दुकान थी, मोटर गैरेज था, उन जगहों पर पांच मिनट बाद धूल उड़ती दिख रही थी.
मौके पर लायी गयी दो जेसीबी मशीनों ने दुकानों व गैरेज की दीवारों को ध्वस्त कर दिया. अतिक्रमण हटवाने पहुंची सीओ पूजा प्रीतम को दुकानदारों के विरोध का सामना भी करना पड़ा. दुकानदारों ने पांच बजे शाम तक का समय मांगा और स्टे ऑर्डर लाने की बात कही. लेकिन, सीओ ने अपना सामान हटाने के लिए एक घंटे का समय दिया.
एक घंटा समाप्त होते ही सीओ ने जेसीबी से दुकानों को गिरवा दिया. अस्पताल की कुल 28 कट्ठे जमीन में से 13 कट्ठा नौ धूर जमीन पर कब्जा कर दवा दुकान व गैरेज चलाया जा रहा था. अस्पताल प्रबंधन ने अतिक्रमित जमीन को खाली करने के लिए वाद दायर किया था, जिसमें जीत हुई. इसके बाद अतिक्रमण हटवाने के लिए शहर के समाजसेवियों ने सीओ से मुलाकात भी की.
इधर, सीओ ने दुकानदारों को जगह खाली करने के लिए तीन बार नोटिस भी भेजा थी, लेकिन कोई असर नहीं हुआ, तो डीएम के आदेश पर सीओ, पूर्व बीडीओ संजय कुमार, पूर्व सीओ रामजीत प्रसाद सिंह, थानाध्यक्ष रितेश मिश्रा सहित भारी संख्या में पहुंचे महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने अतिक्रमण हटवाया. बरौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर बैकुंठपुर के भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी डीएम अनिमेष कुमार पराशर के संपर्क में रहे. विधायक मोबाइल पर डीएम से स्थिति की जानकारी लेते रहे. पीएचसी से अतिक्रमण हटवाने को लेकर विधायक शुरू से ही प्रयासरत थे.
