हादसे में घायल युवक की मौत, जाम

बेगूसराय : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास सड़क हादसे में घायल मोहनपुर वार्ड 10 निवासी 45 वर्षीय सुनील सिंह की मौत मंगलवार की सुबह निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान हो गयी. मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों […]

बेगूसराय : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास सड़क हादसे में घायल मोहनपुर वार्ड 10 निवासी 45 वर्षीय सुनील सिंह की मौत मंगलवार की सुबह निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान हो गयी. मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट गयी. शव को देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.

देखते ही देखते लोगों ने शव को एसएस-55 पर मोहनपुर चांदरा ढाला के पास रख बेलगाम ट्रैफिक व्यवस्था के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया. सड़क जाम की सूचना पाकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजबिंदु प्रसाद दलबल के साथ वहां पहुंचे और लोगों से जाम हटाने का अनुरोध किया. लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग उनकी बातों को मानने को तैयार नहीं हुए. लोग पुलिस-प्रशासन के विरोध में भी नारेबाजी कर रहे थे.
तीन घंटे तक जाम रहा स्टेट हाइवे: बताया जा रहा है कि लगभग तीन घंटे तक एसएच-55 जाम रहा. इससे सड़क के दोनों ओर दर्जनों छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगी. भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप में राहगीर जाम में फंसे रहे और अफरातफरी मची रही. यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि सड़क हादसे के शिकार हुए युवक के परिजन को जब तक उचित मुआवजा नहीं मिल जाता है, तब तक रोड जाम रहेगा.
स्थिति को भांपते हुए मोहनपुर मुखिया कन्हैया सिंह ने इसकी सूचना सदर बीडीओ व सीओ को दी. बीडीओ डॉ अभिजीत चौधरी और सीओ उत्पल हिम्बान जामस्थल पर पहुंचे व सड़क जाम कर रहे लोगों से वार्ता की. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया. इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ.
मृत युवक के आश्रित को मिला 20 हजार का चेक :इस दौरान मृत युवक के आश्रित को सीओ ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक ऑन द स्पॉट सौंपा. इस मौके पर मुखिया कृष्णा देवी, पंसस पूनम देवी आदि थे.
क्या है पूरा घटनाक्रम
ज्ञात हो कि सोमवार की शाम लगभग चार बजे सुनील सिंह अपनी मवेशी की चारा लाने के लिए बहियार जा रहा था. तभी एसएच-55 पर तेज रफ्तार से आ रही अॉल्टो कार उसे रौंदते हुए फरार हो गयी. इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल सुनील को आनन-फानन में परिजनों ने इलाज के लिए शहर के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मोहनपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >