शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय में आगे बढ़ने की मुहिम, ''यादव बैठकी'' से जुड़ रहे युवा
Banka News : सिर्फ चर्चा नहीं, बदलाव की पहल. बांका में 'यादव बैठकी' के माध्यम से युवा शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय को लेकर एकजुट हो रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक इस पहल की चर्चा तेज हो गई है.
बांका से निरंजन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका शहर में ”यादव बैठकी” के नाम से संचालित युवाओं का समूह तेजी से सक्रिय हो रहा है. समाज के शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को लेकर युवाओं द्वारा नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं. इसी कड़ी में आरएमके मैदान परिसर में आयोजित बैठक में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की पहल
बैठक का नेतृत्व करते हुए सीताराम कुमार ने कहा कि यादव समाज अभी भी शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका है. आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के कारण समाज का बड़ा वर्ग विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया है. ऐसे में परस्पर सहयोग और जागरूकता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है.
तकनीकी शिक्षा से जोड़ने पर दिया गया जोर
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी शिक्षा का है और इसके बिना प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ना कठिन है. जरूरतमंद एवं प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया गया. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की हरसंभव मदद करने की बात भी कही गई.
एकजुटता से खुलेगा विकास का रास्ता
बैठक में मौजूद अन्य वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की. उनका कहना था कि सामूहिक प्रयास और सहयोग की भावना से ही शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं. युवाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे आने के लिए भी प्रेरित किया गया.
सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी ”यादव बैठकी”
यादव बैठकी नाम से संचालित यह समूह लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय यह मंच सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है. बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं और समाज के विकास के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं.बैठक में मिलन कुमार, अशोक यादव, अनिल यादव, ईश्वर यादव, विजय यादव, किशनदेव यादव सहित कई युवा मौजूद थे.