कटोरिया में श्रमदान से बदली जर्जर सड़क की तस्वीर, युवाओं को समाजसेवी ने किया सम्मानित

Banka News : जहां विभागीय उदासीनता से लोग टूटी सड़क पर जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर थे, वहीं गांव के युवाओं ने खुद फावड़ा उठाकर सड़क की मरम्मत कर मिसाल पेश की. अब इस पहल की हर ओर सराहना हो रही है.

जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट : बांका जिले के कटोरिया प्रखंड अंतर्गत जयपुर थाना क्षेत्र में जर्जर सड़क की सामूहिक श्रमदान से मरम्मत करने वाले युवाओं को स्थानीय समाजसेवी ने सम्मानित किया. जयपुर बाजार स्थित नदी पुल के समीप सड़क मरम्मत करने वाले युवाओं को दुर्गा मंदिर परिसर में माल्यार्पण कर हौसला बढ़ाया गया. इस पहल की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है.

श्रमदान से सड़क मरम्मत कर युवाओं ने पेश की मिसाल

जयपुर थाना क्षेत्र के जमदाहा-जयपुर मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सड़क जर्जर हालत में थी. खासकर जयपुर बाजार स्थित नदी पुल के समीप सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. दुर्घटना की आशंका भी हमेशा बनी रहती थी. ऐसे में स्थानीय युवाओं ने सामूहिक श्रमदान कर सड़क की मरम्मती शुरू की और लोगों को राहत पहुंचायी.

समाजसेवी ने माल्यार्पण कर बढ़ाया हौसला

सड़क मरम्मती कार्य करने वाले युवाओं को स्थानीय हार्डवेयर व्यवसायी सह समाजसेवी अमित कुमार गुप्ता ने दुर्गा मंदिर परिसर में सम्मानित किया. इस दौरान युवाओं को माल्यार्पण कर उनके सामाजिक कार्य की सराहना की गयी. साथ ही उन्हें हनुमान जी की प्रतिमा भी भेंट की गयी.

विभागीय उदासीनता पर लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब थी, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गयी. सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा था. ऐसे में युवाओं द्वारा श्रमदान से सड़क की मरम्मती करना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है.

क्षेत्र में हो रही श्रमदान कार्य की सराहना

ग्रामीणों और राहगीरों ने युवाओं की इस पहल की जमकर सराहना की. लोगों का कहना है कि यदि समाज इसी तरह एकजुट होकर सार्वजनिक समस्याओं के समाधान में आगे आए तो कई मुश्किलें आसानी से दूर हो सकती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >