पटना-दुमका एक्सप्रेस से कटा युवक, मंदार हिल रेलखंड पर मिला क्षत-विक्षत शव

मंदार हिल-दुमका रेलखंड के कुशवाहा नगर के समीप शनिवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पर 19 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.

परिजन का आरोप : युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रखा

बौंसी. मंदार हिल-दुमका रेलखंड के कुशवाहा नगर के समीप शनिवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पर 19 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. प्रथम दृष्टया आशंका जतायी जा रही है कि युवक की मौत पटना-दुमका एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर हुई है, जो करीब चार घंटे विलंब से चल रही थी. हालांकि परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जतायी है.

घटना की सूचना मिलते ही मंदार हिल स्टेशन पर तैनात आरपीएफ जवान शिवनंदन कुमार और अमरजीत शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शाम करीब 6:40 बजे उन्हें घटना से संबंधित मेमो प्राप्त हुआ था. इसके बाद रेल प्रशासन और सुरक्षा बलों ने मौके का जायजा लिया. बताया जा रहा है कि उसी समय चार घंटे विलंब से चल रही पटना-दुमका एक्सप्रेस वहां से गुजरी थी. आशंका है कि युवक उसी ट्रेन की चपेट में आ गया. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक दुर्घटनावश ट्रैक पर आया था या कोई अन्य कारण था.

जीआरपी ने संभाला मामला, भागलपुर भेजा गया शव

घटना की सूचना स्थानीय बौंसी पुलिस को दी गयी, लेकिन मामला रेलवे क्षेत्राधिकार में होने के कारण भागलपुर से जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया. जीआरपी के आने के बाद चेहरे से शव की पहचान होने पर स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान कुशवाहा गांव निवासी प्रभास यादव के छोटे पुत्र राहुल कुमार उर्फ लालू यादव के रूप में की. सूचना मिलने के बाद परिजन देर रात ही भागलपुर के लिए रवाना हो गये. जहां रविवार को जीआरपी के द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया.

परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों का कहना है कि यह महज रेल दुर्घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है. उनका आरोप है कि लालू यादव की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया. घटना के बाद कुशमाहा गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके. फिलहाल जीआरपी मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत दुर्घटना थी या हत्या. इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

पिता ने प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन

भागलपुर के जीआरपी थाना में युवक के पिता ने प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. आवेदन में बताया गया है कि बांका थाना क्षेत्र के देवकल गांव के पिता-पुत्र के द्वारा उसके पुत्र की हत्या कर साक्ष्य को छिपाने के लिए रेलवे पटरी पर शव को फेंक दिया गया था. आरोप लगाया गया है कि यह पूर्व नियोजित हत्या है. पीड़ित पिता ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. जीआरपी थाना के थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि फिलहाल यूडी केस दर्ज किया गया है. पीड़ित के आवेदन पर जांच-पड़ताल की जा रही है. कुछ मोबाइल नंबरों के डिटेल्स निकालें जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >