शंभुगंज थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में बुधवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय युवक नीरज कुमार सिंह की मौत हो गयी. नीरज अशोक सिंह का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. बुधवार शाम तक नीरज के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. गुरुवार सुबह बहियार में किसानों ने उसे धान की मेड़ पर बेसुध पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गयी.
घास काटने के दौरान बदला मौसम
जानकारी के अनुसार, नीरज बुधवार दोपहर मवेशियों के लिए चारा लाने बहियार गया था. वह धान की मेड़ पर घास काट रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बिजली चमकने के साथ वज्रपात हुआ. इसकी चपेट में आने से नीरज मेड़ पर ही अचेत होकर गिर पड़ा. उसके हाथ में कचिया थी और पास में घास का गट्ठर रखा हुआ था.
रातभर परेशान रहे परिजन
शाम तक नीरज के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने बहियार सहित आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की. देर रात तक तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला. इसके बाद परिवार और ग्रामीण पूरी रात परेशान रहे. गुरुवार सुबह कुछ किसान बहियार की ओर गये तो उनकी नजर धान की मेड़ पर पड़े नीरज पर गयी. पास जाकर देखने पर उसके बेसुध पड़े होने की जानकारी हुई.
इकलौते बेटे की मौत से पिता का टूटा सहारा
नीरज अपने पिता अशोक सिंह का इकलौता पुत्र था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता अशोक सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और दहाड़ मारकर रोने लगे. खेती-किसानी और मवेशी पालन ही परिवार की मुख्य जीविका थी. नीरज की पत्नी शर्मिला देवी दिव्यांग हैं. दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र और एक पुत्री है. परिवार के लिए नीरज की मौत बड़ा झटका बन गयी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही थी. पंचायत के मुखिया डॉ. दीपक कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंबुज सिंह सहित चंदन सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, अजय सिंह, धनराज सिंह मुनमुन और पिंटू शर्मा समेत अन्य लोगों ने मृतक के परिजनों को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने और मृतक की विधवा को पारिवारिक लाभ देने की मांग की.
बेटे प्रियांश ने दी पिता को मुखाग्नि
गुरुवार को सुलतानगंज श्मशान घाट पर नीरज कुमार सिंह का अंतिम संस्कार किया गया. उसके पुत्र प्रियांश ने पिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान श्मशान घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं. इकलौते बेटे को खोने के गम में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था.
