Woman Death Mystery : बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाराटांड़ गांव में गुरुवार को 62 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी. फिलहाल पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
घर के अंदर फंदे से लटका मिला शव
आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी बारणे पंचायत के बाराटांड़ गांव निवासी बाबूलाल सोरेन की 62 वर्षीय पत्नी हेमलता टुडू का शव गुरुवार को घर के अंदर फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना तत्काल आनंदपुर थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया.
परिवार की परिस्थितियों को लेकर भी हो रही चर्चा
परिजनों ने बताया कि मृतका के छोटे पुत्र जयप्रकाश सोरेन की पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी है. बड़े पुत्र मुनिलाल सोरेन रांची सचिवालय में कार्यरत थे, लेकिन बीमारी के कारण इन दिनों घर पर ही हैं. वहीं मंझले पुत्र पुतिलाल सोरेन खेती-बाड़ी का काम करते हैं. घटना के बाद गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग पारिवारिक तनाव की आशंका भी जता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है.
