पेड़ की छांव में बैठी महिला की अचानक हो गयी मौत, घर से विवाद के बाद निकली थी संजू देवी

Banka News : भाया भीठा मोहल्ला में रविवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. घर में हुए विवाद के बाद निकली संजू देवी सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठी थीं. उनकी मौत के कारणों का खुलासा होना बाकी है.

Banka News : बौंसी थाना क्षेत्र के हंसडीहा-भागलपुर नेशनल हाईवे पर भाया भीठा मोहल्ला, वार्ड संख्या 14 में रविवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी. करीब 50 वर्षीय महिला सुबह लगभग 10 बजे सड़क किनारे एक पेड़ की छांव में बैठी थी. काफी देर तक उसी अवस्था में बैठे रहने पर स्थानीय लोगों ने उसकी स्थिति जानने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी.

पुलिस और स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले तोड़ा दम

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना बौंसी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पंकज झा ने मामले की जानकारी ली और रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी संजीव कुमार को भी सूचित किया गया. इसके बाद एएसआई रामप्रवेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अस्पताल की एंबुलेंस भी घटनास्थल के लिए रवाना की गयी, लेकिन पुलिस एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

सोशल मीडिया और पत्रकारों की मदद से हुई महिला की पहचान

काफी प्रयास के बाद महिला की पहचान सोशल मीडिया एवं स्थानीय पत्रकारों की मदद से विशनपुर गांव निवासी सोहन सिंह की पत्नी संजू देवी के रूप में हुई. पहचान की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. महिला के अचानक निधन की खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है.

घर में विवाद के बाद निकली थी महिला

बताया गया कि संजू देवी घर में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद घर से निकल गयी थीं. घटनास्थल से उनके पास बौंसी के एक होम्योपैथिक चिकित्सक की पर्ची भी मिली, जिसमें पथरी की बीमारी का उल्लेख किया गया था. हालांकि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

संजू देवी अपने पीछे चार पुत्रियों और एक पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गयी हैं. अचानक हुई इस घटना से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी स्तब्ध हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >