बांका में महिला ने धूप में पसीना बहाया, लेकिन नहीं मिली मेहनत की कमाई

Banka News : चिलचिलाती धूप में दिनभर ईंट-गारा ढोने वाली विधवा महिला मजदूर को अपनी मेहनत की कमाई मांगना इतना महंगा पड़ जाएगा, शायद उसने कभी सोचा भी नहीं था. बकाया मजदूरी मांगने पर पहले टालमटोल, फिर गाली-गलौज और आखिर में मारपीट तक की नौबत आ गई. अब पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर थाना पहुंची है.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट

बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र में मजदूरी भुगतान को लेकर एक विधवा महिला मजदूर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि मकान निर्माण कार्य में कई दिनों तक मजदूरी करने के बावजूद ठेकेदार सह राजमिस्त्री उसे लगातार पैसे देने से बचता रहा. जब उसने अपने मेहनताने की मांग की, तो उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई. मामले को लेकर महिला ने थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

निर्माणाधीन मकान में महिला ने किया था काम

जानकारी के अनुसार, चांदन हाई स्कूल खेल मैदान के बगल में एक मकान निर्माण कार्य चल रहा है. इसी निर्माण कार्य में आजादनगर निवासी विधवा महिला मजदूर सोनिया देवी, पति स्वर्गीय टीकर पुझार, मजदूरी कर रही थीं. महिला का कहना है कि उसने कई दिनों तक तेज धूप में लगातार काम किया, लेकिन उसकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया.

मजदूरी मांगने पर गाली-गलौज करने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, जब भी वह अपनी बकाया मजदूरी मांगने जाती थी, तो ठेकेदार सह राजमिस्त्री मनोज कुमार दास, निवासी तुर्की, उसे टाल देता था. धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की.

न्याय के लिए थाना पहुंची पीड़िता

घटना के बाद पीड़िता महिला मजदूर ने चांदन थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया है. आवेदन में महिला ने बकाया मजदूरी दिलाने और आरोपी पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह विधवा है और मजदूरी करके ही अपना जीवनयापन करती है. ऐसे में मेहनत की कमाई नहीं मिलना उसके लिए बड़ी परेशानी बन गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

चांदन पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में मजदूरों के बीच भी चर्चा का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >