घटिया पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, किया प्रदर्शन

घटिया पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, किया प्रदर्शन

शंभुगंज. शंभुगंज-छतहार पीएमजी सड़क से खेसर बाजार तक मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनाई जा रही सड़क में घटिया पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने काम रोक दिया और विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. बताया जाता है कि यह सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य प्रमंडल, बांका-एक के कार्यपालक अभियंता की देख-रेख में कराया जा रहा है. झखरा नहर मोड़ से खेसर तक लगभग नौ किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. इस दौरान सिंचाई सुविधा के लिए जगह-जगह पुल और पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है. विरोध-प्रदर्शन कर रहे अंकित कुमार, कुणाल कुमार, जितेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, चुन्ना कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिया निर्माण के नाम पर घटिया काम किया जा रहा है. मंगलवार को मेहरपुर गांव के पूर्वी भाग में घटिया निर्माण कार्य होता देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने काम रुकवा दिया. इसके बाद विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि उनकी खेती-किसानी मेहरपुर और झखरा बहियार में है, इसलिए पुलिया की गुणवत्ता बहुत महत्वपूर्ण है. आरोप है कि पुलिया की ढलाई बिना सरिया (छड़) के की जा रही है. साथ ही मिट्टी युक्त बालू का प्रयोग हो रहा है, जिसमें सीमेंट की मात्रा कम और बालू-मिट्टी अधिक दी जा रही है. निर्माण कार्य बिना विभागीय अभियंता की निगरानी के किया जा रहा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत जिला पदाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक करने की बात कही है. इस संबंध में विभाग के कनीय अभियंता रवि कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिया के निचले हिस्से की ढलाई की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >