कीचड़ में तब्दील सड़क से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, आवाजाही बनी चुनौती
Muddy Road Trouble in Banka: बांका के जयपुर क्षेत्र में हल्की बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. इनारावरण से कधार जाने वाली सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटू की रिपोर्ट :
जयपुर थाना क्षेत्र के इनारावरण गांव से जमदाहा-जयपुर मुख्य सड़क होकर कधार बाजार जाने वाला मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है. हल्की बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
बारिश के बाद सड़क में दलदल
स्थानीय लोगों के अनुसार थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क कीचड़ और पानी से भर जाती है. ऐसे में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.शाम ढलने के बाद रास्ता और खतरनाक बन जाता है. ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है.
रेशम किसान व ग्रामीण सबसे ज्यादा परेशान
इनारावरण गांव स्थित रेशम विभाग का कोऑपरेटिव भवन भी इसी रास्ते के किनारे बना हुआ है.
यहां पहुंचने वाले रेशम किसानों और विभागीय कर्मियों को भी रोजाना कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. इसके अलावा लीला, लेटवा, मल्होरीचक समेत कई गांवों के लोग इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं.
मरीजों और छात्रों की बढ़ी मुश्किल
खराब सड़क की वजह से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी हो रही है. स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है.कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधानग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीण इलाकों का संपर्क प्रभावित हो रहा है.विधायक ने दिया जल्द समाधान का भरोसाकटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू ने कहा कि सड़क की समस्या उनके संज्ञान में आई है.उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर और सुगम रास्ता मिल सके.