थाना कॉलोनी में देर रात चोरी, नकदी-जेवर समेत 10 लाख की संपत्ति गायब

Banka Theft Case : बांका के बौंसी थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. थाना कॉलोनी में देर रात एक घर में घुसकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सुबह जब महिला की नींद खुली तो अलमारी खुली पड़ी थी और घर का सामान बिखरा मिला.

बौसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट:

बौंसी थाना कॉलोनी वार्ड संख्या 16 में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार डहुआ गांव मिश्राचक निवासी प्रमोद मिश्रा की पत्नी रेनू देवी थाना कॉलोनी स्थित अपने घर में अकेली रह रही थीं. रविवार रात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया.आशंका जतायी जा रही है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने कमरे का ताला तोड़कर गोदरेज अलमारी को खंगाल डाला और उसमें रखे नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए.

अलमारी से ढाई लाख नकद और जेवर गायब

सोमवार सुबह जब रेनू देवी की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का ताला खुला देखा. अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था.पीड़िता के अनुसार, अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये नकद, सोने की तीन अंगूठी, मांग टीका, नथ, तीन छोटी सोने की नथुनी और तीन जोड़ी चांदी की पायल चोरी हो गयी. रेनू देवी ने बताया कि चोरी गयी नकदी और जेवरात की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है.

पुलिस जांच में जुटी, लोगों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही बौंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस चोरी से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है.हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़िता द्वारा थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था.इधर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्ती कमजोर होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >