जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट : जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटियारी पंचायत के जरुवाडीह गांव में बिजली व्यवस्था बदहाल हो चुकी है. गांव के दर्जनों घर वर्षों पुराने 16 केवीए ट्रांसफार्मर के भरोसे बिजली प्राप्त कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है और अक्सर जल जाता है, जिसके कारण गांव में बार-बार बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है.
जर्जर तारों से हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि सिर्फ ट्रांसफार्मर ही नहीं, बल्कि गांव और आसपास के बिजली तार भी काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं. कई बार तार टूटकर गिर जाते हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है. बिजली बाधित होने से लोगों को खासकर गर्मी के मौसम में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.
वर्षों पहले दिया आवेदन, अब तक नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन 12 सितंबर 2025 को ही बांका जिला बिजली कार्यालय में दिया गया था. इसके बावजूद आज तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. ग्रामीणों का आरोप है कि कई जनप्रतिनिधियों और नेताओं को भी फोन कर समस्या बताई गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया.ट्रांसफाॅर्मर के पास किया विरोध प्रदर्शन
लगातार बिजली संकट और भीषण गर्मी से परेशान ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गांव में बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय स्थित बिजली कार्यालय तक पहुंचकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे. लोगों का कहना है कि लगातार उपेक्षा के कारण गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.इन ग्रामीणों ने किया हस्ताक्षर
बिजली विभाग को दिए गए आवेदन में जीरा देवी, सविता देवी, अरुणा देवी, ललिता देवी, रीता देवी, संगीता देवी, राजेंद्र यादव, सरजू यादव, ठाकुर यादव, जवाहर यादव, बोधी यादव, चंदन कुमार, उमेश यादव, जमुना यादव, सुरेश यादव, संजीत कुमार और बटेश्वर तुरी समेत कई ग्रामीणों के नाम शामिल हैं.
