Banka Crime News : बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र में बुधवार को बेखौफ अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना फुल्लीडुमर-बेलहर मुख्य सड़क पर रामसरैया चौक के समीप भुतहा नहर पुल के पास हुई. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है.
घात लगाकर बैठे बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के तेलिया पंचायत अंतर्गत मटुकचक गांव निवासी 35 वर्षीय विक्रम कुमार अपने ससुराल बेलहर थाना क्षेत्र के लोढ़िया गांव से बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रामसरैया चौक के समीप भुतहा नहर पुल पर पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली उनकी पीठ के ऊपरी हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
गोली लगने के बाद भी नहीं रुका युवक
गोली लगने के बावजूद विक्रम कुमार ने साहस का परिचय देते हुए घटनास्थल पर रुकने के बजाय बाइक चलाकर सीधे रामसरैया चौक तक पहुंचे. संयोगवश वहां पुलिस की गश्ती टीम मौजूद थी. पुलिस ने घायल युवक की हालत देखकर तुरंत अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक की पीठ में कमर के ऊपर गोली लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही घायल के ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए.
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
खेसर थानाध्यक्ष सुप्रिया कुमारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. घायल का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
