मंदिर प्रबंधन की बैठक में 31 तक बैरिकेडिंग पूरा करने का अल्टीमेटम

मंदार तराई स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रबंधन समिति की अहम बैठक बुधवार को पर्यटक गेस्ट हाउस में आयोजित की गयी.

बौंसी. मंदार तराई स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रबंधन समिति की अहम बैठक बुधवार को पर्यटक गेस्ट हाउस में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार ने की, जिसमें मंदिर और आसपास के व्यवस्थापन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक के दौरान पापहरणी सरोवर क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया गया. लघु सिंचाई विभाग के एसडीओ को कार्य में देरी पर फटकार लगायी गयी. विशेष रूप से पापहरणी में सीढ़ियों पर बैरिकेडिंग कार्य को 31 तारीख तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया. बताया गया कि सरोवर की गाद सफाई के दौरान ही इस कार्य को लेकर निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन अब तक कार्य अधूरा रहने पर नाराजगी जताई गयी. इसके अलावा, मंदार तराई क्षेत्र में दुकानदारों के किराया (भाड़ा) में बढ़ोतरी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ. बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किराया दरों में संशोधन आवश्यक है. नये दुकानदारों को दुकान आवंटन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा गया. यह कमेटी पात्रता और नियमों के आधार पर दुकानों का आवंटन सुनिश्चित करेगी. साथ ही नौका विहार (बोटिंग) व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. तय किया गया कि अगले टर्म में सैरात प्रक्रिया शुरू होने से पहले संबंधित कमेटी से एनओसी लेना अनिवार्य होगा, ताकि संचालन में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदार तराई क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जायेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी हर्ष पराशर, बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, ईओ सोनाली कुमारी, जदयू जिला प्रवक्ता द्वारिका मिश्रा, समिति के शंकर सिंह, देवाशीष उर्फ निप्पू पांडे, राजाराम अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >