कटोरिया. कटोरिया थाना क्षेत्र के चांदन नदी के बसमत्ता घाट व दरभाषण नदी के पपरेवा घाट पर कटोरिया थाना की पुलिस टीम ने अवैध बालू उत्खनन के विरूद्ध छापेमारी अभियान चलाया. इस क्रम में रविवार की देर रात्रि अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. हालांकि ट्रैक्टर का चालक व मजदूर पुलिस टीम को देखते ही भाग निकलने में सफल रहे. छापेमारी अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय कर रहे थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों घाटों पर अवैध बालू का उत्खनन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के क्रम में पुलिस ने दोनों बालू घाटों पर छापेमारी की. दोनों घाटों से एक-एक अवैध बालू लोड ट्रैक्टर जब्त हुआ. इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
