बेलहर में 5 दिनों से लापता हैं दो छात्राएं, परिवार की बढ़ी चिंता, थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
Banka News : घर से निकलीं और फिर नहीं लौटीं. बांका के बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन से दो छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है. लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस की शरण ली है.
बेलहर (बांका) से अभय कुमार ”सोनू” की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव से पांच दिनों से लापता दो छात्राओं के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एक छात्रा की मां द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस दोनों छात्राओं की तलाश में जुट गई है. घटना के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है.
28 मई से घर से गायब हैं दोनों छात्राएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बेलहर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनकी 12 वर्षीय पुत्री 28 मई को गांव की ही अपनी सहेली के साथ घर से निकली थी. इसके बाद दोनों छात्राएं वापस नहीं लौटीं.
काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों ने अपने स्तर से दोनों छात्राओं की काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है. लगातार पांच दिन बीत जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार के लोग काफी चिंतित हैं. परिजनों ने पुलिस से जल्द दोनों छात्राओं का पता लगाने की मांग की है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेलहर थाना पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और छात्राओं की संभावित लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
खोजबीन में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दोनों छात्राओं की बरामदगी के लिए लगातार जांच-पड़ताल और खोजबीन की जा रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है.घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण भी दोनों छात्राओं के सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं.