बांका कोर्ट से दो अभियुक्त फरार, हिरासत का आदेश मिलते ही भीड़ का फायदा उठाकर भागा

Banka Court News : बांका व्यवहार न्यायालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्म्स एक्ट मामले के दो अभियुक्त कोर्ट कक्ष से ही फरार हो गए. दंडाधिकारी द्वारा हिरासत में लेने का आदेश मिलते ही दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से गायब हो गए.

बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट : बांका कोर्ट परिसर से दो अभियुक्तों के फरार होने का मामला सामने आया है. घटना प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अजीताभ की अदालत में हुई, जहां आर्म्स एक्ट के मामले में आत्मसमर्पण करने पहुंचे दो आरोपित सुनवाई के दौरान फरार हो गए. मामले को लेकर कोर्ट के पेशकार ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे आरोपित

जानकारी के अनुसार, जीआर और बौसी थाने से जुड़े मामले में अभियुक्त राजेश कुमार और रमन कुमार अपने अधिवक्ता के साथ अदालत पहुंचे थे. राजेश कुमार मधेपुरा जिले के जयराम परसी गांव का निवासी बताया गया है, जबकि रमन कुमार झिटकिया गांव, ग्वालपारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

जमानत आवेदन पर सुनवाई के दौरान हुई घटना

अधिवक्ता अनिल कुमार यादव ने दोनों अभियुक्तों की ओर से जमानत आवेदन दाखिल किया था. सुनवाई के दौरान न्यायिक दंडाधिकारी ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेने का आदेश दिया. इसी बीच अदालत कक्ष में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर दोनों अभियुक्त मौके से फरार हो गए.

कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप

अभियुक्तों के फरार होते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई. सुरक्षाकर्मियों और कोर्ट कर्मियों ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना के बाद कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

सदर थाने में दर्ज हुआ मामला

घटना को लेकर कोर्ट के पेशकार सियाराम कापरी ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >