अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी की पिटाई, पति समेत तीन लोगों पर मारपीट का आरोप

Banka News : बांका के अमरपुर में अवैध संबंध का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया. आरोप है कि पति ने अपनी कथित प्रेमिका और उसके पति के साथ मिलकर पत्नी की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट : बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत के गौरीपुर गांव में घरेलू विवाद का गंभीर मामला सामने आया है. अवैध संबंध का विरोध करने पर एक महिला को उसके पति और अन्य लोगों द्वारा मारपीट कर घायल कर दिया गया. जख्मी महिला का इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया है. मामले को लेकर पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगायी है.

अवैध संबंध को लेकर घर में होता था विवाद

जख्मी महिला रिंकी देवी ने बताया कि उनके पति राजू मंडल का छतहारा गांव निवासी सरून मंडल की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध है. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी.

नशे में घर पहुंचकर की गाली-गलौज

पीड़िता के अनुसार सोमवार सुबह उनके पति राजू मंडल, सरून मंडल और उसकी पत्नी नशे की हालत में घर पहुंचे. वहां पहुंचते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला हिंसक हो गया.

लाठी-डंडे से पीटकर किया घायल

महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर तीनों लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हुआ. बाद में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

थाने में आवेदन देकर लगायी न्याय की गुहार

घटना के बाद जख्मी महिला ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सुरक्षा दिलाने की मांग की है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >