शंभुगंज. थाना क्षेत्र के छोटी भरतशिला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गये. जानकारी के अनुसार छोटी भरतशिला गांव में मंटू चौधरी और चितरंजन कुमार के बीच विवाद होने लगा. विवाद इस कदर बढ़ा कि गाली-गलौज होते-होते दोनों के बीच लाठी डंडा चलना शुरू हो गया. घटना में एक पक्ष के मंटू चौधरी और उसकी पत्नी रीता देवी व दूसरे पक्ष का चितरंजन कुमार जख्मी हो गये. घटना के बाद जख्मी अवस्था में दोनों पक्ष के लोग थाना पहुंचे. जहां से पुलिस ने सभी को इलाज के लिये सीएचसी शंभुगंज भेज दिया. घटना को लेकर एक पक्ष की रीता देवी पति मंटू चौधरी ने अशोक चौधरी, चितरंजन कुमार, प्रिंस कुमार समेत चार लोगों के विरुद्ध तो दूसरे पक्ष के चितरंजन कुमार ने नारद चौधरी, मंटू चौधरी समेत चार लोगों के विरुद्ध लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है. थानाध्यक्ष मन्टू कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
