चांदन में पांच महीने से बंद पड़ी जलमीनार, पाइप लीकेज से ‘हर घर नल का जल’ योजना बनी शो पीस

Banka News : बांका के चांदन में करोड़ों की सरकारी योजना लोगों की प्यास नहीं बुझा पा रही है. नवनिर्मित जलमीनार तैयार है, घरों तक कनेक्शन भी पहुंच चुका है, लेकिन सिर्फ पाइप लीकेज के कारण पांच महीने से पानी सप्लाई बंद पड़ी है.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट : बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत चांदन पंचायत के वार्ड नंबर सात में ‘हर घर नल का जल’ योजना से बनी जलमीनार से अब तक लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है. उच्च विद्यालय खेल मैदान में बने इस जलमीनार से घरों तक पाइपलाइन कनेक्शन दिया जा चुका है, लेकिन पाइप लीकेज की समस्या के कारण पिछले पांच महीनों से जलापूर्ति पूरी तरह बाधित है.

तैयार जलमीनार, फिर भी नहीं मिल रहा पानी

बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत क्षेत्र में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से जलमीनार का निर्माण कराया गया था. लोगों को उम्मीद थी कि इस योजना से उन्हें गर्मी में राहत मिलेगी. लेकिन हालात यह हैं कि जलमीनार बनने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. पाइपलाइन में कई जगह लीकेज होने के कारण सप्लाई बंद कर दी गई.

भीषण गर्मी में पेयजल संकट

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद उन्हें शुद्ध पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है. गांव के कई परिवार अब भी पुराने जलस्रोतों और निजी व्यवस्था पर निर्भर हैं. लोगों का आरोप है कि योजना शुरू होने से पहले गुणवत्ता की सही जांच नहीं की गई, जिसके कारण पाइपलाइन जगह-जगह से लीक होने लगी.

मुखिया ने मानी समस्या

चांदन पंचायत के मुखिया अनील कुमार ने बताया कि योजना की निगरानी पंचायत स्तर पर की जा रही है. उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए वाटर सप्लाई शुरू भी की गई थी, लेकिन कई स्थानों पर पाइप लीकेज सामने आने के बाद दोबारा सप्लाई बंद करनी पड़ी. मुखिया के अनुसार समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद योजना धरातल पर सफल नहीं दिख रही है. लोगों ने जल्द पाइपलाइन मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते समस्या दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >