पंजवारा. क्षेत्र के सबलपुर पंचायत अंतर्गत महादलित टोला के वार्ड संख्या एक में ग्रामीण इन दिनों जल संकट से परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि टोले में पानी टंकी तो बनी है, लेकिन लंबे समय से खराब पड़ी हुई है. पीएचईडी विभाग को यह टंकी हस्तांतरित भी कर दी गयी है, फिर भी अबतक इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी. ग्रामीण प्रवीण हरिजन, महेंद्र हरिजन, संजीव हरिजन, किशन हरिजन, श्रीधर हरिजन, महेश हरिजन, पुल्ली हरिजन, सूरज हरिजन, सुरेश हरिजन, श्याम हरिजन, सुनील हरिजन, मोना देवी, रामजी देवी, कौशल्या देवी, मंटुन हरिजन, अशोक हरिजन, दुखीराम हरिजन, मुन्नीराम भारती, राजेंद्र कुमार, बिरखा दास, खुर्शीद हरिजन, सुनीत हरिजन, मुसाफिर हरिजन, मनोज हरिजन, जागेश्वर हरिजन और जुगेश हरिजन ने बताया कि पानी टंकी की उपेक्षा की जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड सदस्य की ओर से पानी टंकी में अनाज, जलावन और गोयठा तक रखा जा रहा है. कई बार जेई और बीपीआरओ से टंकी की सफाई और मरम्मत की मांग की गयी, लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने बताया कि बिहार सरकार की ओर से डॉ भीमराव आंबेडकर सेवा अभियान के तहत विशेष शिविर भी लगाया गया था. उसमें भी पीएचईडी के जेई के माध्यम से यह प्रस्ताव रखा गया था कि जल्द ही कार्य शुरू किया जायेगा, लेकिन आज तक अधिकारी स्थिति देखने तक नहीं पहुंचे. मामले में बीपीआरओ अवधेश कुमार ने बताया कि बोरिंग फेल होने के कारण पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी हुई है. पीएचईडी द्वारा वहां नया बोरिंग कराया जायेगा, इसके लिए मैपिंग कर लिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
