15 दिनों से बंद पड़ा गांधी चौक का Water Stand Post, भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे लोग

Banka News : भीषण गर्मी और उमस के बीच बांका जिले के बौंसी बाजार में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं. गांधी चौक शिवालय के पास नगर पंचायत द्वारा लगाया गया वाटर स्टैंड पोस्ट पिछले 15 दिनों से बंद पड़ा है. इससे राहगीरों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट:

गांधी चौक शिवालय के पास लगा सार्वजनिक वाटर स्टैंड पोस्ट तकनीकी खराबी के कारण पिछले दो सप्ताह से ठप पड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. गर्मी के इस मौसम में जल सुविधा बंद रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.

बौंसी बाजार के सबसे व्यस्त इलाके में बढ़ी परेशानी

गांधी चौक को बौंसी बाजार का सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है. यहां सुबह से देर शाम तक सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है. पंजवारा, गोड्डा और धोरैया जाने वाले यात्री भी यहीं से वाहन पकड़ते हैं. इसके अलावा गांधी चौक शिवालय में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालु भी इसी वाटर स्टैंड पोस्ट पर निर्भर रहते हैं.लेकिन पिछले 15 दिनों से जल सुविधा बंद रहने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच यह समस्या और गंभीर होती जा रही है.

दुकानदारों और राहगीरों में नाराजगी

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गर्मी के मौसम में सार्वजनिक जल सुविधा बंद होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए वाटर स्टैंड पोस्ट यदि समय पर चालू नहीं रहेंगे, तो आम लोगों को इसका लाभ कैसे मिलेगा.राहगीरों ने भी नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि समय रहते तकनीकी खराबी को दूर कर दिया जाता, तो इतनी परेशानी नहीं होती. भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का बंद होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है.

नगर अध्यक्ष ने क्या कहा

इस मामले में पूछे जाने पर कोमल भारती ने बताया कि वार्ड 13 के वार्ड पार्षद द्वारा इसकी सूचना नहीं दी गई थी. उन्होंने कहा कि चार-पांच दिन पहले आई आंधी में बिजली का तार टूट गया था, जिसके कारण जलापूर्ति बाधित हुई है. मरम्मत का निर्देश दे दिया गया है और जल्द ही पानी की सुविधा बहाल कर दी जाएगी.

लोगों ने जल्द समाधान की उठाई मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द तकनीकी खराबी दूर कर वाटर स्टैंड पोस्ट चालू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में सार्वजनिक जल सुविधा सुचारु रहना बेहद जरूरी है, ताकि राहगीरों और आम जनता को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >