कटोरिया के तत्कालीन बीडीओ प्रेम प्रकाश पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप

सरकारी शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर कटोरिया के तत्कालीन बीडीओ प्रेम प्रकाश पर 5 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है.

बांका. सरकारी शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर कटोरिया के तत्कालीन बीडीओ प्रेम प्रकाश पर 5 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है. जो अभी वर्तमान में जमुई जिला के लक्ष्मीपुर में बीडीओ पद पर पदस्थापित हैं. इसे लेकर शिकायतकर्ता पीड़ित फुल्लीडुमर थाना के दुधीझरना गांव निवासी अशोक कुमार ने बांका डीएम व एसपी को आवेदन देकर मामले में जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित ने बताया है कि वर्ष 2023 में प्रेम प्रकाश कटोरिया में बीडीओ थे और वे उनका वाहन चलाते थे. इसी क्रम में बीडीओ ने मुझसे शैक्षणिक योग्यता की जानकारी ली और कहा कि इतनी अच्छी योग्यता है, मैं तुम्हें राजकीय प्राचीकृत संस्कृत विद्यालय में शिक्षक पद पर भर्ती करवा दूंगा. इसके लिए तुम्हें 5 लाख रुपये की व्यवस्था करनी होगी. इसके बाद बीडीओ ने अपने मोबाइल नंबर से अपने एक सहयोगी मनीष कुमार सिंह का बैंक खाता का विवरण भेजा और गत 7 अगस्त 2023 को विभिन्न तिथियों में 5 लाख रुपये जमा कराया. मामले में पीड़ित ने भुगतान की गयी राशि का स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप नंबर, चैटिंग आदि भी शेयर किया है. इसमें पैसे की लेनदेन सहित अन्य बातचीत है, जो मामला संदेह के घेरे में प्रतीत होती है. हालांकि, पुलिसिया जांच के बाद ही उक्त मामले का सही उद्भेदन हो सकता है. पीड़ित ने आगे बताया है कि काफी दिनों तक मुझे नौकरी दिलाने के नाम पर केवल आश्वासन दिया जाता रहा. इसके बाद मुझे संदेह हुआ और पैसे लौटाने की बात कही, तो बीडीओ के द्वारा आज कल किया जाने लगा. साथ ही केस आदि की धमकी दी जाने लगी. इसके बाद पीड़ित ने बांका डीएम व एसपी से मामले की शिकायत की है और मामले में जांच कराते हुए पैसे की वापसी व कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित ने बताया है कि उक्त बीडीओ के द्वारा अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये वसूला गया है. उन्होंने मामले में साक्ष्य के आधार पर जांच की मांग की है. —— मुझपर लगाया गया आरोप झूठा व निराधार है. दो साल पहले मैं कटोरिया में पदस्थापित था. दो साल तक वह कहां था. उसे अब याद आया है. इस तरह से आरोप लगाना कहीं से भी उचित नहीं है. प्रेम प्रकाश, बीडीओ, लक्ष्मीपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >