टीम ने नौ गैस एजेंसियों व 45 होटलों में की छापेमारी

जिले में गैस आपूर्ति को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

बांका. जिले में गैस आपूर्ति को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कुल नौ गैस एजेंसियों एवं 45 महत्वपूर्ण स्थानों, जैसे होटल एवं रेस्टोरेंट में छापेमारी की गयी है. अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है तथा आम लोगों से पैनिक बुकिंग नहीं करने की अपील की है. वहीं पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं तथा घर-घर कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य प्रगति पर है. डीकंप्रेशन यूनिट के निर्माण पूर्ण होने के पश्चात पीएनजी की नियमित सप्लाई शुरू की जाएगी. साथ ही आम लोगों से पीएनजी गैस के लिए आवेदन करने की अपील की गयी है, ताकि सुरक्षित एवं सुगम गैस सुविधा का लाभ सभी तक पहुंच सके. जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों को लगातार सुना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, तीन शिकायतें दर्ज हुई थीं, जिनका सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है. गैस वितरण की स्थिति के संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 3597 उपभोक्ताओं द्वारा गैस बुकिंग करायी गयी है, जबकि 5167 उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करायी जा चुकी है. एलपीजी गैस की समस्या को ध्यान में रखते हुए सभी वितरण केंद्रों पर प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके. उधर जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला के द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने आम जनता को किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष में शिकायत करने की अपील की है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >