हल्की बारिश में शंभुगंज की सड़क बन गयी तालाब, दुकानदार व राहगीर बेहाल

Banka News :शंभुगंज बाजार में हल्की बारिश ने ही व्यवस्था की पोल खोल दी. मुख्य सड़क पर जगह-जगह जलजमाव और गड्ढों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दुकानदारों का कहना है कि सड़क अब बाजार कम और तालाब ज्यादा नजर आने लगी है.

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के शंभुगंज बाजार में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. इंग्लिश मोड़-असरगंज मुख्य सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालों की सफाई नहीं होने से हर बारिश में सड़कें तालाब में बदल जाती हैं.

हल्की बारिश में भी सड़क पर भर जाता है पानी

शंभुगंज बाजार की मुख्य सड़क पर हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की स्थिति बन जाती है. सड़क किनारे नाला जाम होने और कई जगह नाला पूरी तरह खत्म हो जाने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा रहता है.स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि घरों का गंदा पानी भी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे बाजार क्षेत्र में कीचड़ और गंदगी फैल रही है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़कें भी धीरे-धीरे टूटती जा रही हैं.

गड्ढों में भरा पानी बन रहा हादसों की वजह

सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को काफी कठिनाई हो रही है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का डर सताने लगा है. कई बाइक चालक पानी में गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. बाजार होकर गुजरने वाले पैदल लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

राहगीरों पर पड़ रहे गंदे पानी के छींटे

बाजार क्षेत्र से तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण सड़क पर जमा गंदा पानी राहगीरों और दुकानदारों पर उछल जाता है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.व्यापारियों का कहना है कि बाजार में कीचड़ और जलजमाव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. इससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है.

प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब नाला निर्माण, साफ-सफाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस सड़क से कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >