गुड फ्राइडे पर प्रभु यीशु के बलिदान और प्रेम का दिया गया संदेश

प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ईसाई मिशनरियों में शुक्रवार को गुड फ्राइडे श्रद्धा, भक्ति और आत्ममंथन के साथ मनाया गया.

बौंसी. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ईसाई मिशनरियों में शुक्रवार को गुड फ्राइडे श्रद्धा, भक्ति और आत्ममंथन के साथ मनाया गया. इस अवसर पर हरीमोहरा मिशन परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां फादर जैकब के नेतृत्व में सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित हुई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मसीही श्रद्धालु शामिल होकर प्रभु यीशु मसीह के बलिदान को याद किया. प्रार्थना सभा के दौरान पूरे वातावरण में शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, बाइबिल पाठ और विशेष प्रार्थनाओं के माध्यम से अपने श्रद्धा भाव को व्यक्त किया. सभा को संबोधित करते हुए फादर जैकब ने कहा कि ईश्वर का असीम प्रेम मानव जाति के लिए यीशु मसीह के बलिदान और पुनरुत्थान के रूप में प्रकट हुआ है. उन्होंने बताया कि गुड फ्राइडे उस ऐतिहासिक दिन की याद दिलाता है, जब प्रभु यीशु को कलवारी पहाड़ पर सूली पर चढ़ाया गया था, जो मानवता के उद्धार का प्रतीक है. उन्होंने आगे कहा कि यह दिन पवित्र सप्ताह का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसमें मसीही समुदाय राख बुधवार से लेकर गुड फ्राइडे तक उपवास, प्रार्थना और आत्मचिंतन में लीन रहता है. इस अवधि में लोग अपने जीवन का मूल्यांकन करते हुए ईश्वर के और निकट आने का प्रयास करते हैं. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों की सहायता, दान-पुण्य और आत्मसुधार का संकल्प लिया. कई लोगों ने समाज सेवा और मानवता के कल्याण के लिए आगे आने का भी संकल्प व्यक्त किया. अपने संदेश में फादर जैकब ने कहा कि यदि पुनरुत्थान नहीं होता, तो जीवन का कोई वास्तविक अर्थ नहीं रह जाता. उन्होंने कहा कि गुड फ्राइडे, पुनरुत्थान की ओर बढ़ने वाला पहला कदम है, जो हमें त्याग, प्रेम और सेवा की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया. पूरे आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता का वातावरण मजबूत किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >