BANKA : गोविंदपुर में शिव शक्ति महारुद्र महायज्ञ का विधिवत समापन
पंजवारा पंचायत के गोविंदपुर में चीर नदी तट पर आयोजित शिव शक्ति महारुद्र महायज्ञ का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया.
पंजवारा (बांका ) से गौरव कश्यप की रिपोर्ट :
पंजवारा पंचायत के गोविंदपुर में चीर नदी तट पर आयोजित शिव शक्ति महारुद्र महायज्ञ का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया. समापन के अवसर पर यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा.वेदज्ञ पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच अंतिम दिन हवन एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न कराया गया. यजमानों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. यज्ञ के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों-रासलीला, भागवत कथा एवं रामलीला-में भी श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही.समापन के दिन इन कार्यक्रमों को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही. यज्ञ स्थल पर लगे मेले में भी अंतिम दिन रौनक बनी रही. दूर-दराज से आए लोगों ने मेले का आनंद लिया और खरीदारी की. आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय किशोर सिंह के नेतृत्व में जयप्रकाश मंडल, जगदीश मंडल, महेश कुमार बगबै, नित्यानंद बगबै, शंभू प्रसाद यादव, निरंजन यादव, सुमन कुमार, मृत्युंजय कापरी, संतोष यादव, मनोज राय सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा. महायज्ञ के सफल आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने आयोजन को यादगार बताया.