पंजवारा. गुरुद्वारा पंचायत के हिजरिया गांव में गहिरा नदी की तेज धार में बहकर लापता हुए 8 वर्षीय दिलखुश कुमार का शव घटना के तीसरे दिन मंगलवार को बरामद कर लिया गया. रविवार को स्नान करने के दौरान तेज धार की चपेट में आने से वह डूब गया था. जानकारी के अनुसार हिजरिया गांव निवासी नकुल राय का पुत्र दिलखुश रविवार की दोपहर अपने साथियों के साथ गांव के समीप बहने वाली गहिरा नदी में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धार में बहकर लापता हो गया. घटना के बाद से एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी थी. मंगलवार को ग्रामीणों के प्रयास से एक विशेष गोताखोर को बुलाया गया, जिसने नदी की तलाशी के दौरान नहर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर दिलखुश का शव बरामद किया. इस अभियान में पंचायत समिति प्रतिनिधि माखन यादव और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही. शव मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को बांका भेज दिया गया है. उन्होंने बरसात के मौसम में बच्चों को नदी, तालाब और नहर के किनारे अकेले न जाने देने की अपील की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
