चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट : चांदन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. वर्ष 2021 से फरार चल रहे अभियुक्त रमेश मरांडी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ न्यायालय से कुर्की-जब्ती का आदेश भी जारी हो चुका था.
पांच साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रमेश मरांडी, दुघरवा गांव निवासी पूरन मरांडी का पुत्र है. उसके खिलाफ वर्ष 2021 में चांदन थाना में मामला दर्ज हुआ था. केस दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था.पुलिस और न्यायालय की ओर से कई बार उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया गया, लेकिन वह सामने नहीं आया. इसके बाद बांका न्यायालय के आदेश पर उसके घर पर इश्तेहार चिपकाने की प्रक्रिया पूरी की गई. बावजूद इसके आरोपी ने सरेंडर नहीं किया.
कोर्ट से निकल चुका था कुर्की-जब्ती का आदेश
लगातार फरार रहने के कारण न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश भी जारी कर दिया था. पुलिस की मानें तो यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो उसके घर की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू हो जाती.इसी बीच चांदन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव के आसपास मौजूद है. सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष श्रीकांत भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुघरवा गांव में छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया.गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बांका जेल भेज दिया. इस कार्रवाई में चांदन थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
