क्रिकेट खेलते समय किशोर को सांप ने डसा, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती

Banka News : अमरपुर में क्रिकेट खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को झाड़ियों में छिपे विषैले सांप ने डंस लिया. पहले झाड़-फूंक में समय गंवाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

जानकीपुर गांव में सर्पदंश की घटना में 12 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर हो गई. परिजनों ने आनन-फानन में घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी जान बचाई. चिकित्सकों के अनुसार अब किशोर की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

क्रिकेट खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार जानकीपुर गांव निवासी बिनोद मंडल का 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार सोमवार की शाम अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था.खेल के दौरान गेंद झाड़ियों में चली गई. रोहित जब गेंद लाने झाड़ियों के पास पहुंचा, तभी वहां छिपे विषैले सांप ने उसे डंस लिया. घटना के बाद किशोर के चिल्लाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे.

पहले झाड़-फूंक में गंवाया समय

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद किशोर को पहले झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया. लेकिन इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे.

डॉक्टरों ने किया प्राथमिक उपचार

घायल किशोर को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लाया गया, जहां डॉ ज्योति भारती ने उसका प्राथमिक उपचार किया.अस्पताल में इलाज के दौरान किशोर को जरूरी दवाएं दी गईं. उपचार के बाद उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा.

डॉक्टर ने बताया खतरे से बाहर

प्राथमिक उपचार कर रहे डॉक्टर ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने से किशोर की हालत नियंत्रण में आ गई और अब वह खतरे से बाहर है.चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक पर भरोसा करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >