खौलती सब्जी चेहरे पर गिरने से 13 वर्षीय किशोरी झुलसी
Banka News : कटोरिया में रसोई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. चूल्हे से उतारी गयी खौलती सब्जी अचानक हाथ से छूट गयी और गर्म सब्जी किशोरी के चेहरे पर जा गिरी. हादसे के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गयी.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : कटोरिया प्रखंड क्षेत्र के भलुआकुरा गांव में गर्म सब्जी से झुलसकर 13 वर्षीय किशोरी घायल हो गयी. हादसा उस समय हुआ जब किशोरी चूल्हे के पास रखे गर्म सब्जी के बर्तन को उठाकर सीढ़ी पर रख रही थी. घायल किशोरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया.
हाथ से छूटा बर्तन, चेहरे पर गिरी खौलती सब्जी
घटना भलुआकुरा गांव की है. जानकारी के अनुसार गांव निवासी अशोक यादव की 13 वर्षीय पुत्री कल्पना कुमारी रसोई में काम कर रही थी. इसी दौरान वह चूल्हे के पास पककर तैयार गर्म सब्जी से भरे बर्तन को उठाकर सीढ़ी पर रखने लगी.परिजनों ने बताया कि अचानक हाथ से बर्तन छूट गया और खौलती सब्जी छलककर किशोरी के चेहरे पर गिर गयी. हादसे के बाद वह दर्द से चीखने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे.
सीएचसी में हुआ उपचार
घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में भर्ती कराया गया. वहां चिकित्सक डॉ देवेंद्र कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया.चिकित्सकों के अनुसार किशोरी के चेहरे पर गर्म सब्जी गिरने से झुलसन हुई है. फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है.