सुईया बाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने 12 वर्षीय छात्र को कुचला, ट्यूशन पढ़ने आए सावन सिंह की मौके पर ही मौत

सुईया बाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने 12 वर्षीय छात्र सावन सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना बाजार में यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

कटोरिया-सुल्तानगंज मुख्य सड़क मार्ग पर सुईया बाजार स्थित चौक के समीप सोमवार की सुबह करीब सात बजे सड़क हादसा हुआ. ट्यूशन पढ़ने सुईया बाजार आए 12 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया. हादसे में छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे बाजार में मातमी सन्नाटा पसर गया.

सप्तम कक्षा का छात्र था सावन सिंह

मृत छात्र की पहचान सुईया थाना क्षेत्र के बेहरबारी गांव निवासी मिथलेश सिंह के 12 वर्षीय पुत्र सावन सिंह के रूप में हुई है. सावन सप्तम कक्षा का छात्र था. प्राप्त जानकारी के अनुसार वह सोमवार की सुबह घर से पैदल ट्यूशन पढ़ने के लिए सुईया बाजार आया था. इसी दौरान सुईया चौक के समीप वह तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया. हादसा इतना भीषण था कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

घटना के बाद सड़क जाम का प्रयास

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. छात्र की मौत से आक्रोशित लोगों ने सुईया चौक के समीप सड़क जाम करने का प्रयास किया. स्थिति की जानकारी मिलते ही सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात व्यवस्था सामान्य करायी.

पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया. वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में सुईया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

बाजार में शिक्षण संस्थानों के कारण रहती है भीड़

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुईया बाजार में सड़क किनारे कई सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थान संचालित हैं. इन संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए पहुंचते हैं. बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है. इसके बावजूद मुख्य सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है.

स्पीड ब्रेकर नहीं होने से दुर्घटना की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि सुईया बाजार क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर नहीं रहने के कारण तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं. इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. सोमवार को हुई घटना ने एक बार फिर बाजार क्षेत्र में यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से सुईया बाजार और शिक्षण संस्थानों के आसपास स्पीड ब्रेकर लगाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >