श्रावणी मेला का उद्घाटन 30 को : बांका प्रशासन ने गिनाईं तैयारियां-एआइ कैमरों से निगरानी व1,850 बेड की व्यवस्था

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 के लिए बांका प्रशासन ने कमर कस ली है. इस बार 5 टेंट सिटी, AI कैमरों से रियल टाइम निगरानी, 13 जीविका दीदी कैंटीन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर के लाइव दर्शन की सुविधा होगी. सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.

Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी. डीएम ने बताया कि इस वर्ष मेले का मुख्य उद्घाटन 30 जुलाई को धौरी के बजाय अबरखा में होगा, जिसमें कई मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि सभी विभागों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी.

5 टेंट सिटी और 1,850 बेड से मिलेगी बड़ी राहत

बाबाधाम जाती महिला कांवरियों की सांकेतिक तस्वीर

इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच टेंट सिटी बनाई गई हैं. अबरखा, रंगनियां, गोड़ियारी, लोटनियां और भैरोपुर में स्थापित इन टेंट सिटी में कुल 1,850 बेड उपलब्ध रहेंगे. इसके अलावा चार धर्मशालाओं की मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य भी पूरे कर लिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर ठहरने की सुविधा मिल सके.

एआई कैमरों से होगी भीड़ की रियल टाइम निगरानी

श्रावणी मेला 2026 की सबसे बड़ी विशेषता एआई आधारित कैमरे होंगे. जिला अंतर्गत 55 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर पहली बार इन कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं और वाहनों की स्वचालित गिनती की जाएगी. धौरी और दुम्मा जैसे प्रमुख स्थानों पर लगने वाले कैमरे प्रशासन को रियल टाइम भीड़ की जानकारी देंगे, जिससे सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा.

एलईडी पर दिखेगा बाबा बैद्यनाथ मंदिर का लाइव दर्शन

कांवरिया मार्ग पर बनाई गई पांचों टेंट सिटी में एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं. इनके माध्यम से श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर की पूजा-अर्चना का सीधा प्रसारण देख सकेंगे. पूरे मार्ग पर आकर्षक तोरण द्वार, सेल्फी प्वाइंट और धौरी-दुम्मा सीमा पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए गए हैं.

जीविका दीदी कैंटीन में मिलेगा गुणवत्तापूर्ण भोजन

श्रद्धालुओं के लिए इस बार 13 जीविका दीदी कैंटीन संचालित होंगी, जहां निर्धारित दर पर पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलेगा. प्रत्येक कैंटीन में रेट चार्ट लगाया जाएगा. खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की संयुक्त टीम लगातार जांच करेगी. साथ ही 12 सुधा मिल्क पार्लर भी स्थापित किए जाएंगे.

21 स्वास्थ्य शिविर, 58 डॉक्टर और 16 एंबुलेंस रहेंगे तैनात

स्वास्थ्य विभाग ने मेले के दौरान 21 स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए हैं. 58 डॉक्टर, 225 स्वास्थ्य कर्मी और 16 एंबुलेंस 24 घंटे सेवा में रहेंगे. इसके अलावा 22 आपदा मित्र, 330 सफाई मित्र, 38 अग्निशमन कर्मी, 102 पीएचईडी कर्मी और 80 विद्युत कर्मी भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे. सूचना केंद्र, खोया-पाया केंद्र, दो सांस्कृतिक मंच, 11 थीमेटिक गेट और 95 नुक्कड़ नाटक भी आकर्षण का केंद्र होंगे.

22 अस्थायी थाने और 300 अतिरिक्त पुलिस बल से होगी सुरक्षा

पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है. दर्दमारा और पुनसिया चौक में दो नए अस्थायी थाने जोड़कर कुल 22 अस्थायी थाने संचालित होंगे. 500 पुलिसकर्मी, 250 महिला पुलिसकर्मी, 600 होमगार्ड और 570 दंडाधिकारी तैनात रहेंगे. 25 पैदल गश्ती और 20 मोटरसाइकिल गश्ती टीमें लगातार निगरानी करेंगी. पार्किंग स्थलों की संख्या 13 से बढ़ाकर 18 कर दी गई है.

भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, वन-वे ट्रैफिक लागू

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कांवरिया चौक से जामुआ मोड़ तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी. प्रत्येक शनिवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक एनएच-133 सहित निर्धारित मार्गों पर भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >