अमरपुर. नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित मुख्य पथ पर ग्रामीण बैंक के समीप निर्माणाधीन नाला कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर शनिवार को वार्डवासियों का आक्रोश फूट पड़ा. लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में केवल खानापूर्ति की जा रही है और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है. वार्डवासी एवं नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद सदानंद महतो ने बताया कि उनके कार्यकाल में करीब 15-20 वर्ष पूर्व इस सड़क के किनारे नाला बनाया गया था, जो लंबे समय तक उपयोगी रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि अब पुनः उसी नाले के निर्माण के लिए टेंडर निकाल दिया गया है और संवेदक द्वारा कार्य में अनियमितता बरती जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण से पहले नाले के भीतर पानी निकासी के लिए आवश्यक स्लोपिंग कार्य किया जाना चाहिए था, लेकिन इसे छोड़कर केवल ऊपर की सतह पर एक-दो इंच की दीवार जोड़कर काम पूरा किया जा रहा है. वार्डवासी एवं व्यवसायी अनील दारूका और श्रवण दारूका ने बताया कि पहले भी नाले की संरचना में खामियां थीं, जिससे गंदा पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों के सामने बहता था और पिछले तीन महीनों से दुकानदारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. वार्डवासियों ने यह भी कहा कि निर्माण स्थल पर योजना और लागत से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्राक्कलन के अनुसार और ईमानदारी से कार्य नहीं होगा, उनका विरोध जारी रहेगा. इस संबंध में नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता विमल कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया है.
घटिया नाला निर्माण पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, गुणवत्ता पर उठे सवाल
नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित मुख्य पथ पर ग्रामीण बैंक के समीप निर्माणाधीन नाला कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर शनिवार को वार्डवासियों का आक्रोश फूट पड़ा.
