कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Raid on Illegal Stock Alert: आनंदपुर थाना क्षेत्र के बगरा गांव में अवैध महुआ और सरकारी चावल लोड पिकअप वैन होने की सूचना पर शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम पहुंची. हालांकि मौके पर पहुंचने के बाद अधिकारियों को गोदाम के बाहर ताला लटका मिला, जिसके कारण अंदर रखे सामान और पिकअप वैन की जांच नहीं हो सकी.
गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची थी संयुक्त टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिलने के बाद चांदन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लक्ष्मीकांत रमानी और आनंदपुर थाना के अवर निरीक्षक रोहित कुमार दल-बल के साथ बगरा गांव पहुंचे. सूचना थी कि गोदाम में अवैध महुआ और सरकारी चावल का भंडारण किया गया है तथा उसे पिकअप वैन के माध्यम से कहीं भेजने की तैयारी चल रही है.
Raid on Illegal Stock Alert: गोदाम के भीतर खड़ी दिखी पिकअप वैन
अधिकारियों ने जब मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो शुकदेव यादव के गोदाम के बाहर ताला लगा मिला. हालांकि गोदाम के भीतर एक पिकअप वैन खड़ी दिखाई दे रही थी. गोदाम बंद होने और मालिक की अनुपस्थिति के कारण टीम अंदर प्रवेश नहीं कर सकी और न ही पिकअप वैन या संभावित सामग्री की जांच हो पाई.
घंटों मौके पर डटी रही पुलिस और प्रशासन की टीम
गोदाम के बाहर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और आनंदपुर पुलिस की टीम लंबे समय तक मौजूद रही. अधिकारियों ने गोदाम मालिक की तलाश और संपर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया.
इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी प्रकार की बरामदगी या अवैध सामग्री मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
ये भी पढ़े : आज बौंसी में ताजिया विसर्जन तक दोपहर 3 बजे से बंद रहेगी बिजली, विभाग ने जारी की सूचना
