पंजवारा-गोड्डा मुख्य मार्ग के अंडरपास बना तालाब, बारिश के बाद राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
Banka News : बांका जिले के पंजवारा रेलवे अंडरपास में बारिश के बाद ऐसा हाल हो गया कि सड़क तालाब में बदल गई. दो से चार फीट तक पानी भर जाने से बाइक और साइकिल चालक लगातार हादसे का शिकार हो रहे हैं.
बाराहाट (बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट
Banka News : बराहाट प्रखंड क्षेत्र के पंजबारा-गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. लगातार बारिश के कारण अंडरपास में कई फीट पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यह समस्या खड़ी हो जाती है.
अंडरपास में भरा कई फीट पानी
पंजबारा रेलवे हॉल्ट के समीप रेलवे द्वारा बनाए गए अंडरपास में लगातार बारिश के बाद दो से चार फीट तक पानी जमा हो गया है. अंडरपास पूरी तरह पानी में डूबा नजर आ रहा है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है.स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार को आई तेज आंधी और मूसलधार बारिश के बाद हालात और खराब हो गए. कई घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा.
बाइक और साइकिल चालक हो रहे हादसे का शिकार
जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है. पानी भरे रहने से सड़क का अंदाजा नहीं लग पा रहा है, जिससे बाइक चालक फिसलकर गिर रहे हैं.कई लोग घायल भी हो चुके हैं. खासकर महिलाओं और बच्चों के साथ सफर कर रहे वाहन चालकों को ज्यादा खतरा उठाना पड़ रहा है. साइकिल सवार भी पानी में संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.
बीच रास्ते में बंद हो रहे वाहन
अंडरपास में पानी भर जाने के कारण कई वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए. वाहन चालकों को धक्का देकर अपने वाहन बाहर निकालने पड़े. इससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया.
रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और राहगीरों ने रेलवे प्रशासन से अंडरपास से जल्द पानी निकासी कराने और स्थायी समाधान की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी.