बौंसी. रक्षाबंधन से पहले एम.के. पब्लिक स्कूल परिवार ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठी पहल की. बुधवार को विद्यालय की सातवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गुरु धाम परिसर में करीब 30 पौधे लगाए. पौधारोपण के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया.
पेड़ों की रक्षा का दिया संदेश
विद्यालय के निदेशक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संकट का असर समाज के प्रत्येक वर्ग पर पड़ रहा है. ऐसे में पौधों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पेड़ों के संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है, तभी पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है.
रक्षा सूत्र बांधकर लिया संरक्षण का संकल्प
प्रधानाचार्या निजात खान ने कहा कि रक्षाबंधन पर जिस तरह बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं, उसी भावना से पेड़ों को भी राखी बांधकर उनकी रक्षा का संदेश दिया गया है. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और भावी पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है.
शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. मौके पर रजनी कुमारी, नेहा कुमारी, सुजीत कुमारी, रवि कुमार, उदय कुमार और सदानंद सिंह मौजूद थे.
