खड़हरा चौराहे पर कचरे व कबाड़ का अंबार, राहगीरों के लिए बना हादसों का खतरा
Banka News : भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे फैला कबाड़, तेज रफ्तार वाहनों के बीच हर दिन लोग जोखिम उठाने को मजबूर हैं. सड़क के दोनों किनारों पर फैले कबाड़ और अतिक्रमण से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
बाराहाट (बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत खड़हरा गांव के समीप भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे जमा कचरे और कबाड़ का अंबार अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. सड़क के दोनों किनारों पर फैले कबाड़ और अतिक्रमण के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से चल रहा कबाड़ कारोबार
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार खड़हरा चौराहे के आसपास आधा दर्जन से अधिक कबाड़ कारोबारी सक्रिय हैं. इन कारोबारियों के पास कबाड़ रखने के लिए कोई समुचित गोदाम या सुरक्षित व्यवस्था नहीं है. ऐसे में सड़क किनारे ही बड़े पैमाने पर कबाड़ और कचरा जमा कर दिया जाता है.ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे फैले कबाड़ के कारण लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती. खासकर बाजार आने-जाने वाले लोगों और वाहन का इंतजार करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
तेज रफ्तार वाहनों के बीच बढ़ा हादसे का खतरा
ढाका मोड़ से भागलपुर की ओर जाने वाली सड़क करीब दो किलोमीटर तक सीधी है, जिसके कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं. ऐसे में सड़क किनारे कबाड़ के ढेर और अतिक्रमण के बीच खड़े लोगों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है.स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कुछ लोगों की जान तक जा चुकी है. इसके बावजूद कबाड़ कारोबारियों द्वारा नियमों को नजरअंदाज कर सड़क किनारे कारोबार जारी रखा गया है.
खुले में कबाड़ जलाने से लोग परेशान
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कबाड़ कारोबारियों द्वारा खुले में कबाड़ जलाया जाता है, जिससे निकलने वाला धुआं और दुर्गंध आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है. गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.लोगों ने बताया कि कई बार प्रशासन से इसकी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
यात्री शेड भी कबाड़ से भरा, सड़क पर खड़े रहने को मजबूर यात्री
चौराहे पर बने यात्री शेड में भी कबाड़ का सामान भर दिया गया है. इसके कारण इस भीषण गर्मी में यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करना पड़ रहा है. इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है.
प्रशासन ने दी कार्रवाई की चेतावनी
इस संबंध में अंचलाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कबाड़ कारोबारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी. यदि फिर भी अवैध कब्जा और अतिक्रमण जारी पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.