नहर किनारे भारी मात्रा में मिली एक्सपायरी दवा, जहरीले रसायनों से ग्रामीणों में दहशत

Banka News:बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में नहर किनारे भारी मात्रा में एक्सपायरी और जहरीली दवाएं मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. शाहपुर चौक के समीप बिखरी दवाओं के कार्टून और शीशियां देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने इसे स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बताते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट :

रविवार सुबह इंग्लिशमोड़-शंभूगंज मुख्य पथ स्थित शाहपुर चौक के समीप जब ग्रामीण और राहगीर नहर की ओर गए, तो वहां बड़ी संख्या में एक्सपायरी दवाओं के कार्टून और शीशियां बिखरी पड़ी मिलीं.

देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों के अनुसार अलग-अलग कंपनियों की दवाएं वहां फेंकी गई थीं. कई दवाएं एक्सपायरी हो चुकी थीं, जबकि कुछ शीशियों में जहरीले रसायन होने की आशंका जताई जा रही है.

मेडिकल स्टोरों के पास नहीं दवा निस्तारण की व्यवस्था

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अधिकतर मेडिकल दुकानदारों के पास एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे में कई दुकानदार चोरी-छिपे दवाओं को सुनसान जगहों, नहर किनारे या खाली जमीन पर फेंककर छुटकारा पा लेते हैं.ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.

नहर का पानी खेतों और पशुओं के लिए होता है इस्तेमाल

ग्रामीणों ने चिंता जताई कि नहर का पानी आसपास के खेतों की सिंचाई और पशुओं के पीने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में अगर जहरीले रसायन पानी में घुल गए तो इसका असर किसानों, पशुओं और आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है.लोगों का कहना है कि इससे पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और कई बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों ने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इससे बड़ा खतरा पैदा हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >