पंजवारा (बांका) से गौरव कश्यप की रिपोर्ट :
पंजवारा बाजार में इन दिनों तरबूज की जबरदस्त मांग देखी जा रही है. तापमान बढ़ने के साथ लोग ठंडी और रसदार चीजों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं. ऐसे में तरबूज गर्मी से राहत देने वाला सबसे पसंदीदा फल बन गया है.बाजार में हर तरफ दिख रहे तरबूज के ढेर
मुख्य बाजार से लेकर सब्जी मंडियों तक हर जगह तरबूज के ढेर सजे हुए हैं. दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी रहती है, जबकि शाम के समय बिक्री में और तेजी आ जाती है.व्यापारियों का कहना है कि इस बार गर्मी जल्दी शुरू होने से तरबूज की बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है. अच्छी बिक्री से दुकानदारों में उत्साह का माहौल है.
पश्चिम बंगाल व झारखंड से हो रही आपूर्ति
व्यापारियों के अनुसार पंजवारा बाजार में तरबूज की आपूर्ति पश्चिम बंगाल और झारखंड से ट्रक और पिकअप वाहनों के जरिए हो रही है.इसके अलावा निझरी, रणगांव और पासो गांव के स्थानीय किसान भी अपनी ताजी फसल लेकर बाजार पहुंच रहे हैं. इससे बाजार में तरबूज की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है.आम लोगों के बजट में है कीमत
बाजार में तरबूज का थोक भाव करीब 20 रुपये प्रति किलो बताया जा रहा है, जबकि खुदरा बाजार में यह 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.कीमत सामान्य रहने के कारण हर वर्ग के लोग आसानी से तरबूज खरीद रहे हैं. लोग परिवार के लिए बड़ी मात्रा में तरबूज खरीदते नजर आ रहे हैं.
