स्कूल के सामने जर्जर हाई टेंशन तार से खतरे में बच्चों की जान

Banka News:बांका जिले के धोरैया प्रखंड में एक सरकारी स्कूल के सामने से गुजर रही जर्जर हाई टेंशन बिजली तार बच्चों के लिए बड़ा खतरा बन गई है. हल्की हवा चलते ही तार टूटकर नीचे गिर जाता है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है.

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट:

चलना स्कूल के सामने बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की चिंता बढ़ा रही है. ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के प्रवेश द्वार के पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन काफी जर्जर हो चुकी है. कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक तार नहीं बदला गया है.

हल्की हवा में टूटकर गिर जाता है तार

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में हल्की हवा चलने पर भी बिजली का तार टूटकर नीचे गिर जाता है. इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक लगातार डर के साये में हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तार नहीं बदला गया, तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है.

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया अनदेखी का आरोप

समाजसेवी और दक्षिणी जिला परिषद उम्मीदवार वाजिद अंसारी ने कहा कि क्षेत्र के कई गांवों में बिजली के तार जर्जर हालत में हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की शिकायतों को बिजली विभाग गंभीरता से नहीं ले रहा है. विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता

चलना स्कूल के प्रबंधन से जुड़े लोगों ने भी बिजली विभाग की लापरवाही पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि स्कूल के प्रवेश द्वार के पास हाई टेंशन तार गुजरना पहले से ही जोखिम भरा है, ऊपर से तार का जर्जर होना खतरे को और बढ़ा रहा है.अभिभावकों ने विभाग से जल्द तार बदलने और सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बच्चों की जान को खतरे से बचाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >