चांदन में धूमधाम से हुई वार्षिक गंवाली पूजा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Banka News : वैदिक मंत्रोच्चार, दुर्गा सप्तशती पाठ और माता काली के जयकारों से मंगलवार को पांडेयडीह गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया. चांदन के प्राचीन दक्षिण काली मंदिर में आयोजित वार्षिक गंवाली पूजा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट
बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत पांडेयडीह गांव स्थित ग्राम रक्षा देवी दक्षिण काली मंदिर में मंगलवार को वार्षिक गंवाली पूजा धूमधाम से आयोजित की गई. हर वर्ष की तरह इस बार भी तीन गांवों की सार्वजनिक दूसरी गंवाली पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई. पूजा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. आचार्य Jitendra Pandey और यजमान Ashutosh Kumar Sinha द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई.इस दौरान दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
संध्या में हुआ वार्षिक गंवाली पूजा का मुख्य आयोजन
दोपहर बाद संध्या काल में गांव के सभी श्रद्धालुओं की उपस्थिति में वार्षिक गंवाली पूजा संपन्न हुई. भक्तों द्वारा लाए गए पूजन सामग्रियों के साथ माता दक्षिण काली की विशेष आराधना की गई.माता रानी का भव्य श्रृंगार उनकी सेविका द्वारा किया गया. वहीं पंडित विनोद पाण्डेय, नरेन्द्र पाण्डेय और जितेंद्र पाण्डेय ने श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित पूजन सामग्री चढ़ाई.
मन्नत पूरी होने पर दी गई बकरे की बलि
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत पूरी होने पर लाए गए बकरों का संकल्प कराया गया. हवन और आरती के बाद धार्मिक परंपरा के तहत बकरे की बलि भी दी गई.कार्यक्रम में कुंवारी कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
पूजा कमेटी की रही अहम भूमिका
पूरे आयोजन को सफल बनाने में पूजा कमिटी के अध्यक्ष अजीत पाण्डेय, सचिव अभिषेक कुमार सिन्हा, अनीश कुमार सिन्हा, बासुदेव प्रसाद मणि, अमोद कुमार सिन्हा, जीवन सिन्हा, कुमोद सिन्हा, अमित कुमार सिन्हा, परितोष कुमार सिन्हा, अंकुर कुमार सिन्हा और घनश्याम पाण्डेय समेत कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया.श्रद्धालुओं ने माता दक्षिण काली से गांव की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.