Dhoraiya Panchayat Samiti Meeting : बहुउद्देशीय सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख रंजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक का संचालन बीडीओ अरविंद कुमार ने किया. इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने शिक्षा, भूमि, अतिक्रमण, आंगनबाड़ी, राजस्व और विकास योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया.
स्कूलों की जमीन पर अतिक्रमण और जलजमाव का मामला उठा
सिज्झत बलियास पंचायत के मुखिया ग्यास खां ने भतुवाचक उत्क्रमित विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण और स्कूल परिसर में जलजमाव की समस्या का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि विद्यालय के चारों ओर बनी कच्ची नालियों पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है.
विद्यालय भवन निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी
पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान ने खड़ौंधा प्राथमिक विद्यालय के भवन और चहारदीवारी निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाया. वहीं बिरनियां पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार सिंह ने भी विद्यालय भवन निर्माण कार्य बाधित रहने की शिकायत की और जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की.
अमीन पर रिश्वत मांगने का आरोप
बटसार पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि भूमि मापी के लिए आने वाले अमीन मनमानी राशि की मांग करते हैं. इस पर अंचलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
पर्चाधारियों को अब तक नहीं मिला जमीन पर कब्जा
मुखिया दीनबंधु दीनानाथ और मुखिया ग्यास खां ने महादलित परिवारों को पर्चा मिलने के बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं मिलने का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या चार सहित कई गांवों में पर्चाधारी वर्षों से जमीन मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि दबंगों का कब्जा अब भी बरकरार है. चंदाडीह के मुखिया अभय कुमार सिंह ने 6 एकड़ 45 डिसमिल सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की.
आंगनबाड़ी केंद्र और सेविका बहाली पर भी हुई चर्चा
विधायक प्रतिनिधि गोपाल दास ने कुर्मा पंचायत के मंदार डेरु स्थित जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि एनओसी मिलने के बाद ही भवन निर्माण शुरू हो सकेगा. वहीं सीडीपीओ कुमारी हेमा ने बताया कि पूरे बिहार में आंगनबाड़ी सेविका बहाली की प्रक्रिया फिलहाल रुकी हुई है. प्रक्रिया शुरू होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अंचलाधिकारी अनुज कुमार झा, राजस्व अधिकारी काजल कुमारी, सीडीपीओ कुमारी हेमा, पीओ सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मुखिया और पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे.
