पंजवारा में ओवरलोड ट्रैक्टरों से बढ़ रहा हादसों का खतरा, सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम उड़ रहीं धज्जियां

Banka News : मापदंड से बड़े डाले वाले ओवरलोड ट्रैक्टर सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं. बाइक और कार चालकों पर तो कार्रवाई हो रही है, लेकिन जानलेवा तरीके से ईंट ढो रहे ट्रैक्टरों पर सख्ती नहीं हो रही. पंजवारा, बाराहाट और बौंसी मार्ग पर हर दिन हादसे की आशंका के बीच लोग सफर करने को मजबूर हैं.

पंजवारा (बांका )से गौरव कश्यप की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के पंजवारा क्षेत्र में मापदंड से बड़े डाले और क्षमता से अधिक ईंट लेकर चल रहे ट्रैक्टर सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं. परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाए जाने के बावजूद ऐसे ट्रैक्टरों पर कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि ओवरलोड ईंट लेकर तेज रफ्तार में चल रहे ट्रैक्टर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं.

मापदंड से बड़े डाले में हो रही ईंट की ढुलाई

क्षेत्र में इन दिनों बड़े आकार के डाले वाले ट्रैक्टरों से बड़े पैमाने पर ईंट की ढुलाई की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टरों में लगे डाले सामान्य मापदंड से कहीं अधिक बड़े हैं और उनमें क्षमता से अधिक ईंट लोड की जाती है.बताया जाता है कि घोघा क्षेत्र से ईंट लादकर ये ट्रैक्टर पंजवारा, बाराहाट और बौंसी होते हुए विभिन्न इलाकों तक पहुंचते हैं. ओवरलोडिंग के कारण सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

साइड लेने में बना रहता है दुर्घटना का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि बड़े डाले और बाहर तक निकली ईंटों के कारण दूसरे वाहनों को साइड लेने में दिक्कत होती है. खासकर संकरी सड़कों और बाजार क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है.लोगों ने बताया कि कई बार ट्रैक्टर के पास से गुजरते समय राहगीरों और बाइक चालकों को डर के साये में सफर करना पड़ता है. ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

बाइक और कार जांच तक सीमित कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने कहा कि परिवहन विभाग और पुलिस समय-समय पर बाइक और चार पहिया वाहनों की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना वसूलती है. हेलमेट, सीट बेल्ट और कागजात की जांच को लेकर लगातार अभियान चलाया जाता है.हालांकि लोगों का आरोप है कि सड़क सुरक्षा नियमों की सबसे अधिक अनदेखी करने वाले बड़े डाले के ट्रैक्टरों पर विभाग का ध्यान नहीं जाता. ऐसे ट्रैक्टर बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर दौड़ रहे हैं.

लोगों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड और मापदंड से बड़े डाले वाले ट्रैक्टरों की नियमित जांच की जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या और बढ़ सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >