BANKA : अमरपुर में सुलतानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी व सभापति को दी गयी श्रद्धांजलि
अमरपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मंगलवार को नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रीता साह एवं कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.
अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट :
अमरपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मंगलवार को नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रीता साह एवं कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. यह सभा विगत 28 अप्रैल को भागलपुर जिले के सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में मारे गए कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार एवं सभापति राजकुमार गुड्डू साह की स्मृति में आयोजित की गई.श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने दोनों दिवंगतों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. साथ ही दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई. मुख्य पार्षद रीता साह ने कहा कि अपराधियों ने जिस प्रकार सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी एवं सभापति पर गोली चलाई, वह बेहद निंदनीय घटना है. उन्होंने बताया कि घटना में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सभापति राजकुमार गुड्डू साह का पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी भर्त्सना की जाए, वह कम है. हालांकि, हत्यारों को उनके अपराध की सजा मिल चुकी है.
इस अवसर पर नगर प्रबंधक कुंदन कुमार, मुख्य पार्षद पति राजेश साह, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू, पंकज दास, शंकर महतो, अशोक साह, संजीव कुमार साह, उमेश रजक, मिठ्ठू भगत, पिंटू मंडल, रेखा देवी, शिवेंद्र राणा, दीपक कुमार समेत अन्य वार्ड पार्षद एवं कार्यालय कर्मी उपस्थित थे.