वर्षों से फरार नक्सली शंकर यादव ने एसपी के समक्ष किया सरेंडर
एसपी कार्यालय वेश्म में गुरुवार को वर्षों से फरार चल रहे एक नक्सली ने एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. बताया जा रहा है कि उक्त नक्सली लंबे समय से फरार चल रहा था
बांका.
एसपी कार्यालय वेश्म में गुरुवार को वर्षों से फरार चल रहे एक नक्सली ने एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. बताया जा रहा है कि उक्त नक्सली लंबे समय से फरार चल रहा था. उसके विरुद्ध कोर्ट द्वारा इश्तेहार की कार्रवाई करते हुए मुख्यधारा में लौटने की अपील की गयी थी. पुलिस के अनुसंधान में पाया गया कि फिलवक्त वे नक्सली गतिविधि से दूर होकर बाहर जाकर मजदूरी का कार्य करते हैं. न्यायालय के तामिला नोटिस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व परिवारजनों से बातचीत कर उक्त नक्सली को मुख्यधारा में जोड़ा गया. गत 2014 में नक्सलियों द्वारा जिले में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए कई तरह के नक्सली वारदात को अंजाम दिया गया था. इसी कड़ी में फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के भितिया में हथियारबंद नक्सलियों ने वोडा फोन का टावर उड़ा दिया था. जिस मामले में भितिया गांव निवासी आरोपी मुकेश कुमार पिता महेश्वर प्रसाद सिंह के ऊपर अमरपुर व फुल्लीडुमर थाना में विगत 19 सितंबर 2014 को कांड संख्या 276/14 में भादवि की धारा 147, 148, 149, 435, 427 व 27 आर्म्स एक्ट व 3/4 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम व 17 सीएलए एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. घटना में ओढ़नी डैम, कटोरिया थाना क्षेत्र के मोथाबाड़ी गांव निवासी शंकर यादव पिता स्व. राधे यादव की संलिप्तता पायी गयी थी. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. जिसमें शुक्रवार को एसपी कार्यालय में फरार नक्सली ने आत्मसमर्पण कर दिया.