भीषण गर्मी में बढ़ी तारकुन की डिमांड, इम्युनिटी बढ़ाने के साथ ग्रामीणों की बढ़ा रहा आय

Natural Summer Superfood: चिलचिलाती धूप और लू के बीच चांदन में एक देसी फल लोगों को राहत पहुंचा रहा है. ताड़ से मिलने वाला नेचुरल फल ‘तारकुन’ न केवल शरीर को ठंडक दे रहा है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का भी मजबूत साधन बन गया है.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट

Natural Summer Superfood: बांका जिले के चांदन प्रखंड में जून की भीषण गर्मी के बीच ताड़ का प्राकृतिक फल तारकुन लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. शरीर को ठंडक पहुंचाने और इम्युनिटी बढ़ाने वाले इस मौसमी फल की मांग लगातार बढ़ रही है. सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों पर तारकुन की खूब बिक्री हो रही है, जिससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को अच्छी आमदनी भी हो रही है.

गर्मी से राहत का प्राकृतिक उपाय बना तारकुन

चांदन बाजार, पाण्डेयडीह मोड़, बेहंगा पुल और सुल्तानगंज-देवघर मुख्य सड़क किनारे इन दिनों तारकुन की दुकानें सज गई हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच लोग इस फल को प्राकृतिक शीतल पेय के विकल्प के रूप में पसंद कर रहे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि तारकुन खाने से शरीर को तुरंत ठंडक मिलती है और गर्मी के कारण होने वाली थकान से भी राहत मिलती है.

मौसमी कारोबार से युवाओं को मिल रही अच्छी आय

ताड़ के एक फल से सामान्यतः तीन तारकुन निकलते हैं. बाजार में एक तारकुन की कीमत लगभग 10 रुपये है. इस हिसाब से विक्रेता प्रतिदिन 1000 से 2000 रुपये तक की कमाई कर रहे हैं.

ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से उपलब्ध होने वाला यह फल अब स्थानीय बाजारों में अच्छी मांग के कारण आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गया है. कई परिवार गर्मी के इस मौसम में तारकुन बेचकर अपनी अतिरिक्त आमदनी बढ़ा रहे हैं.

जोखिम से भरा है ताड़ के फल का कारोबार

स्थानीय विक्रेता झगरू पासी, राकेश पासी और पलटू पासी बताते हैं कि यह व्यवसाय जितना लाभदायक है, उतना ही जोखिम भरा भी है. सुबह-सुबह ऊंचे ताड़ के पेड़ों पर चढ़कर फल तोड़ना आसान काम नहीं होता.

पेड़ों के मालिकों की अनुमति लेने के बाद फल तोड़े जाते हैं और फिर उन्हें बाजार तक पहुंचाया जाता है. यह रोजगार साल में केवल लगभग दो महीने ही उपलब्ध रहता है, इसलिए लोग इस अवधि में अधिक से अधिक कमाई करने का प्रयास करते हैं.

इम्युनिटी बढ़ाने के साथ कई बीमारियों में लाभकारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार तारकुन स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी फल है. इसमें सोडियम, पोटेशियम और कई आवश्यक मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि यह फल डिहाइड्रेशन से बचाने, शरीर की इम्युनिटी मजबूत करने और गर्मी से राहत दिलाने में प्रभावी है. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन और खनिज तत्व डायबिटीज तथा एनीमिया के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं.

गर्मी में बढ़ती जा रही लोकप्रियता

भीषण गर्मी के बीच तारकुन की मांग लगातार बढ़ रही है. प्राकृतिक गुणों और स्वास्थ्य लाभों के कारण यह फल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों की पसंद बनता जा रहा है. चांदन क्षेत्र में इन दिनों तारकुन न केवल लोगों को राहत दे रहा है, बल्कि कई परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती प्रदान कर रहा है.

Also Read : अंशुल बने बांका के नये डीएम, तो पत्नी अलंकृता संभालेंगी भागलपुर की कमान, बांका की सुरक्षा व्यवस्था होंगे कप्तान अमितेश के जिम्मे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >