Power Line Safety : सामाजिक कार्यकर्ता विवेकानंद सिंह के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि प्रोन्नत मध्य विद्यालय नानन पैर के समीप से गुजरने वाली बिजली लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. मुख्य सड़क और गांव की गलियों से होकर गुजर रहे कई नंगे बिजली तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है.
बांस और लकड़ियों के सहारे टिकी है बिजली लाइन
ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर झूलते तारों को अस्थायी रूप से बांस और लकड़ियों के सहारे टिकाकर रखा गया है. बरसात और तेज हवा के दौरान यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है. ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आती हैं. वर्षों से जर्जर तारों की समस्या बनी हुई है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इससे अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है.
विधायक और विभाग से की त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने धोरैया विधायक मनीष कुमार और बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से मांग की है कि पुराने जर्जर तारों को हटाकर जल्द से जल्द सुरक्षित कवर्ड केबल लगाए जाएं, ताकि गांव के लोगों और विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
